~Gujarat Deputy CM Harsh Sanghavi interacts with social media influencers in Chhota Udepur, urging them to promote tribal culture, tourism and local development.
Chhota Udepur, Gujarat, Nov 27 (VNI) : गुजरात के उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को कवांट स्थित सरकारी कला महाविद्यालय में छोटाउदेपुर जिले के लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया की ताकत का सकारात्मक उपयोग करते हुए जिले के विकास कार्यों, आदिवासी संस्कृति और पर्यटन संभावनाओं को व्यापक पहचान दिलाने में भागीदार बनने की अपील की।
श्री संघवी ने इंफ्लुएंसर्स से आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक उत्सवों और पर्यटन स्थलों को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक प्रचारित करने का आग्रह किया। उन्होंने कवांट के प्रसिद्ध गेर मेले को जनजागृति और प्रभावी प्रचार के जरिए वैश्विक पहचान दिलाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि छोटाउदेपुर की भौगोलिक विशेषताओं और प्राकृतिक सुंदरता को देखते हुए इसे प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और छोटे कारीगरों, स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं तथा स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार एवं आय के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने जिले के गांवों में होम स्टे शुरू करने का सुझाव देते हुए प्रशासन और युवाओं से मिलकर एक गांव का चयन करने को कहा। इस पहल के लिए उन्होंने आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।
संवाद के दौरान श्री संघवी ने युवा इंफ्लुएंसर्स से जिले के विकास के लिए सुझाव आमंत्रित किए। इस पर कानू राठवा, अनंत राठवा और पार्थ पटेल सहित अन्य युवाओं ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, खेल, उद्योग और कौशल विकास जैसे विषयों पर अपने विचार और सुझाव साझा किए। श्री संघवी ने युवाओं के सवालों का सकारात्मक जवाब देते हुए उनसे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
सोशल मीडिया की जिम्मेदार भूमिका पर जोर देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के कामकाज में कहीं कमी रह जाए तो रचनात्मक आलोचना के माध्यम से उस ओर ध्यान आकर्षित करना उचित है। हालांकि, इंफ्लुएंसर्स को केवल आलोचना करने या रील बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी रचनात्मकता का उपयोग समाजोपयोगी कार्यों और जनहित के लिए भी करना चाहिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष उपेन्द्र राठवा, सांसद जशुभाई राठवा, राज्यसभा सांसद डॉ. मुकेश राठवा, विधायक जयंतीभाई राठवा, कलेक्टर गार्गी जैन, जिला विकास अधिकारी ओमकार शिंदे और पुलिस अधीक्षक इम्तियाज शेख सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। VNI NEWS, Harsh Sanghavi, Chhota Udepur Tourism, Social Media Influencers, Gujarat Tourism, Kawant Ger Fair, Harsh Sanghavi, Chhota Udepur, Gujarat Government, Social Media Influencers, Tribal Culture, Kawant Ger Fair, Gujarat Tourism, Homestay, VNINews, VNINews.com
