~Krantiguru Shyamji Krishna Verma Kachchh University holds its 16th convocation, awarding degrees to 6,989 students and gold medals to 43 achievers.
Bhuj, Gujarat, Oct 04 (VNI): क्रांतिगुरु श्यामजी कृष्ण वर्मा कच्छ विश्वविद्यालय का 16वां दीक्षांत समारोह रविवार को राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति आचार्य देवव्रत की उपस्थिति में भुज में आयोजित हुआ। समारोह में 6,989 विद्यार्थियों को स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्री प्रदान की गई, जबकि 43 विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। इस अवसर पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर नमन करते हुए युवाओं से कर्तव्य भावना, राष्ट्रधर्म, समाजधर्म और परिवारधर्म के पालन का आह्वान किया।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कहा कि कच्छ के सपूत श्यामजी कृष्ण वर्मा ने विदेश की धरती पर रहकर देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों को तैयार किया था। उन्होंने श्यामजी कृष्ण वर्मा और उनके गुरु महर्षि दयानंद सरस्वती के जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि युवा अपने जीवन में नैतिकता, समर्पण और मानवता की सेवा की भावना विकसित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से डिग्री को केवल रोजगार का माध्यम नहीं मानने तथा अपने क्षेत्र में योग्यता विकसित कर सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
आचार्य देवव्रत ने समारोह में लोकार्पित डिजिटल लाइब्रेरी और स्किल सेंटर को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ अपनी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र की उन्नति को प्राथमिकता देने, वृक्षारोपण एवं जल संचयन करने और नशाखोरी से दूर रहने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यनिष्ठा और कर्तव्य भावना को आदर्श मानते हुए विद्यार्थियों से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की।
इस अवसर पर सांसद विनोदभाई चावड़ा ने क्रांतिवीर श्यामजी कृष्ण वर्मा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत की प्रेरणा से कच्छ में प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में नए प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी और स्किल सेंटर को विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित यह विश्वविद्यालय आज सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में गुजरात के शीर्ष विश्वविद्यालयों में स्थान बनाएगा।
दीक्षांत समारोह में 43 गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को राज्यपाल आचार्य देवव्रत के हाथों डिग्री के साथ मेडल प्रदान किए गए। इसके अलावा पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले 27 विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मोहनभाई पटेल ने विश्वविद्यालय के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिसर में निर्मित म्यूजियम, मॉल, जिम और कैफेटेरिया का आगामी समय में लोकार्पण किया जाएगा। उन्होंने नए भवनों और नए पाठ्यक्रमों की शुरुआत तथा विद्यार्थियों द्वारा किए जा रहे विभिन्न शोध एवं अनुसंधान की जानकारी देते हुए कच्छ विश्वविद्यालय को गुजरात के साथ-साथ देश में विशेष पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यपाल आचार्य देवव्रत को कच्छ विश्वविद्यालय में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उनके करकमलों से कच्छ को ग्रीन एनर्जी हब बनाने के लक्ष्य के तहत स्किल सेंटर तथा विद्यार्थियों के लिए आधुनिक तकनीक से सुसज्जित नमो ई-लाइब्रेरी का लोकार्पण किया गया। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया। इस अवसर पर विधायिका मालतीबेन माहेश्वरी, कलेक्टर अनिल राणावसिया, पश्चिम कच्छ एसपी विकास सुंडा, रजिस्ट्रार डॉ. अनिल गोर, ईसी सदस्य, फैकल्टी डीन, कॉलेज प्राचार्य, अध्यापक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। VNI NEWS, Krantiguru Shyamji Krishna Verma Kachchh University, Kachchh University Convocation, 16th Convocation, Acharya Devvrat, Bhuj, Gold Medal, 6989 Students, Namo E-Library, Skill Centre, Kutch University, Kachchh University 16th convocation, 6989 students degrees, 43 gold medals, Acharya Devvrat Kachchh University, Kutch University convocation, VNINews, VNINews.com
