~Maharashtra State Hindi Sahitya Akademi organised a journalism seminar in Mumbai to discuss the ideals and legacy of Pandit Baburao Vishnu Paradkar.
Mumbai, Maharashtra, Nov 18 (VNI) : हिंदी पत्रकारिता के भीष्म पितामह कहे जाने वाले पंडित बाबूराव विष्णु पराड़कर की जयंती के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी द्वारा मुंबई में एक दिवसीय पत्रकारिता परिसंवाद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने पंडित पराड़कर के आदर्शों, विचारों और पत्रकारिता संबंधी शिक्षाओं को वर्तमान दौर में अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
यह परिसंवाद हाल ही में मुंबई के विले पार्ले स्थित मिठीबाई कॉलेज के जुहू जागृति सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम और महाराष्ट्र राज्य गीत की प्रस्तुति के साथ हुआ। विशिष्ट अतिथि फिल्म सिटी के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ राजनेता अमरजीत मिश्र ने कहा कि पंडित बाबूराव विष्णु पराड़कर के दूरदर्शी विचार आज भी प्रासंगिक हैं और देश के वर्तमान पत्रकारों को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
स्वदेश समाचार पत्र समूह के समूह संपादक डॉ. अतुल तारे ने ‘आज के सूचना तंत्र में पत्रकारिता में विश्वास, एक चुनौती भी और एक अवसर भी’ विषय पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया। जय महाराष्ट्र मराठी न्यूज चैनल के संपादक प्रसाद काथे ने ‘सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता’ विषय पर अपने विचार रखे। पुणे से आईं वरिष्ठ साहित्यकार एवं पूर्व पत्रकार समीक्षा तैलंग ने ‘हिंदी पत्रकारिता के आदर्श एवं पराड़कर जी की पत्रकारिता दृष्टि’ विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
परिसंवाद का संचालन प्रसिद्ध गीतकार एवं मीडिया और जनसंपर्क सलाहकार गजानन महतपुरकर ने किया। प्रारंभ में महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के सह निदेशक एवं सदस्य सचिव सचिन निम्बालकर ने अतिथियों का शॉल, स्मृति चिन्ह और पुस्तकों से स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए अकादमी की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। अंत में अकादमी के प्रतिनिधि अंकित गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुए इस परिसंवाद में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, पत्रकारों और साहित्य प्रेमियों ने भाग लिया। VNI NEWS, Maharashtra State Hindi Sahitya Akademi, Hindi Journalism Seminar, Baburao Vishnu Paradkar, Journalism in Mumbai, Maharashtra State Hindi Sahitya Akademi, Hindi Journalism, Baburao Vishnu Paradkar, Journalism Seminar, Mumbai, Media Credibility, Social Media, Hindi Literature, VNINews, VNINews.com
