~PM Narendra Modi inspected the National Unity Parade at Ekta Nagar on National Unity Day 2026, marking Sardar Vallabhbhai Patel’s 151st birth anniversary.
Narmada, Gujarat, Oct 31 (VNI) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नर्मदा जिले के एकतानगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लिया।
श्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार साहब के चरणपूजन और पुष्पांजलि अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने भव्य राष्ट्रीय एकता परेड का निरीक्षण किया और देश को संबोधित किया। अर्धसैनिक बलों की विभिन्न टुकड़ियों के शानदार मार्चपास्ट तथा विभिन्न राज्यों के कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बनाया। प्रधानमंत्री ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की विविधता बाधा नहीं, बल्कि एकता का आधार है। सरदार वल्लभभाई पटेल ने दृढ़संकल्प, कुशलता और दूरदर्शिता से 500 से अधिक रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। राष्ट्रीय एकता दिवस केवल सरदार साहब के योगदान को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प पर्व है। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ देश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और राष्ट्रहित में बड़े निर्णय लेने की प्रक्रिया जारी रहेगी।
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में देश के 126 जिले वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित थे, जबकि मार्च 2026 तक कोई भी जिला इस श्रेणी में नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हिंसा से प्रभावित क्षेत्रों में अब सड़क, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नक्सलवाद का रास्ता छोड़ने वाले लोगों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने शांति स्थापना के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को नमन किया। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक जानकारी फैलाने और समाज में विभाजन पैदा करने वाली शक्तियों से सतर्क रहने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक विकास के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण, मुफ्त राशन, पक्के मकान, शौचालय, धुआं मुक्त रसोई और बीमा सुरक्षा जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले लगभग 25 करोड़ लोगों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलता था, जबकि आज करीब 100 करोड़ लोग इसके दायरे में हैं। विश्व बैंक की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों में 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। वैश्विक ऊर्जा संकट और आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की एकता, कूटनीतिक क्षमता और रणनीतिक निर्णय देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, राज्य के मुख्य सचिव एम.के. दास, मंत्री ईश्वरसिंह पटेल, सांसद मनसुखभाई वसावा सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। राष्ट्रीय एकता परेड के बाद प्रधानमंत्री ने मार्ग पर उपस्थित लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और भव्य आतिशबाजी का अवलोकन किया। समारोह ने सरदार पटेल के राष्ट्रीय एकता, अखंडता और मजबूत भारत के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। VNI NEWS, PM Narendra Modi, National Unity Day 2026, Rashtriya Ekta Diwas, National Unity Parade, Sardar Vallabhbhai Patel 151st Birth Anniversary, Statue of Unity, Ek Bharat Shreshtha Bharat, Narendra Modi, National Unity Day, Rashtriya Ekta Diwas 2026, Sardar Vallabhbhai Patel, Statue of Unity, Ekta Nagar, Narmada Gujarat, National Unity Parade, Developed India, Naxalism, VNINews, VNINews.com
