~आंबरडी सफारी पार्क में इंसानों पर हमला करने वाले शेरों के लिए 100 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष प्रतिबंधित बाड़े का निर्माण शुरू किया गया है।
Gandhinagar, Gujarat, Aug 09 (VNI): गुजरात के अमरेली जिले में धारी के समीप स्थित गिर संरक्षित क्षेत्र के आरक्षित वन आंबरडी सफारी पार्क में इंसानों पर हमला करने वाले शेरों को रखने के लिए एक विशेष प्रतिबंधित बाड़े के निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। वन विभाग के अनुसार, इन शेरों को उनके प्राकृतिक आवास जैसा अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 100 हेक्टेयर क्षेत्र में यह विशेष बाड़ा तैयार किया जा रहा है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार के वन विभाग ने इंसानों पर हमला करने वाले शेरों को इस विशेष एवं प्रतिबंधित बाड़े में रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शेर संरक्षण और संवर्धन से जुड़ी योजनाओं एवं परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। शेरों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रत्येक वर्ष 10 अगस्त को ‘विश्व शेर दिवस’ मनाया जाता है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख डॉ. जयपाल सिंह (आईएफएस) ने कहा कि इंसानों पर हमला करने वाले शेरों को प्रतिबंधित बाड़े में रखने के लिए आंबरडी सफारी पार्क में तारबंदी कर अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं और जरूरी कार्य शुरू हो चुका है।
वन विभाग के अनुसार, इंसानों और वन्यजीवों के बीच संघर्ष को कम करने, वन्यजीवों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने, जैविक संतुलन बनाए रखने और प्रजातियों के दीर्घकालिक संरक्षण के लिए समय-समय पर वैज्ञानिक तरीके से वन्यजीवों का स्थानांतरण किया जाता है। गांवों अथवा आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने वाले वन्यजीवों को सुरक्षित रूप से पकड़कर उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ा जाता है। घायल या बीमार वन्यजीवों के उपचार, आबादी नियंत्रण और उपयुक्त आवास उपलब्ध कराने के लिए भी स्थानांतरण किया जाता है।
अमरेली जिले में धारी के निकट स्थित आंबरडी सफारी पार्क गुजरात का एक महत्वपूर्ण वन्यजीव पर्यटन केंद्र है। करीब 365 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह पार्क गिर के प्राकृतिक पर्यावरण का अनुभव कराता है। यहां एशियाई शेरों के अलावा तेंदुए, चीतल, नीलगाय, चिंकारा, मोर और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों का संरक्षण किया जाता है।
वर्ष 2017 में शुरू किया गया आंबरडी सफारी पार्क वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। आधुनिक सफारी सुविधाओं, प्राकृतिक वातावरण और गिर के वन्यजीवन को करीब से देखने का अवसर मिलने के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पार्क स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के साथ अमरेली जिले में इको-टूरिज्म के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। VNI NEWS, Ambaradi Safari Park, Gir Lions, Asiatic Lions, Lion Conservation, Gujarat Forest Department, Amreli, Dhari, Wildlife Conservation, Human-Wildlife Conflict, Gir Lion Conservation, Human-Wildlife Conflict, VNINews, VNINews.com
