~गणपत यूनिवर्सिटी में महेसाणा के पहले एन-जेन थीम आधारित डाकघर का उद्घाटन हुआ। विद्यार्थियों के लिए आधुनिक डिजिटल, पार्सल, वित्तीय और डाक सेवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।
Ahmedabad, Gujarat, Aug 12 (VNI): डाक विभाग की युवा-केंद्रित और आधुनिक सेवाओं को शैक्षणिक परिसरों तक पहुंचाने की पहल के तहत गुजरात के छठे और महेसाणा के पहले एन-जेन (नेक्स्ट-जेन) थीम आधारित नवीनीकृत गणपत विद्यानगर डाकघर का बुधवार को गणपत यूनिवर्सिटी परिसर में उद्घाटन किया गया। इसका उद्घाटन उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव और गणपत यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. महेंद्र शर्मा ने किया।
भारतीय डाक की फ्लैगशिप एन-जेन पहल के तहत विकसित इस डाकघर को विद्यार्थियों ने इंडिया पोस्ट के साथ मिलकर “छात्रों का, छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए” की अवधारणा पर डिजाइन किया है। इसमें भारतीय डाक की विश्वसनीयता और व्यापक पहुंच के साथ आधुनिक सेवाओं, युवा जुड़ाव तथा डाक विभाग की विरासत का समावेश किया गया है।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि एन-जेन डाकघर पहल विद्यार्थियों और डिजिटल नेटिव्स को केंद्र में रखकर इंडिया पोस्ट को आधुनिक एवं युवा-केंद्रित सेवा नेटवर्क में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान, यूथ-केंद्रित सीटिंग स्पेस, स्पीड पोस्ट एवं पार्सल सेवाओं पर विद्यार्थियों के लिए 10 प्रतिशत विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, इंटरनेशनल पार्सल बुकिंग, पार्सल पैकेजिंग, फिलेटली, डाकघर बचत सेवाएं, डाक जीवन बीमा तथा इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने बताया कि गुजरात में आईआईटी गांधीनगर, आईआईएम अहमदाबाद, सरदार वल्लभभाई पटेल एनआईटी सूरत, आनंद कृषि यूनिवर्सिटी, कच्छ यूनिवर्सिटी और गणपत यूनिवर्सिटी सहित कुल छह एन-जेन पोस्ट ऑफिस शुरू हो चुके हैं। गणपत यूनिवर्सिटी का एन-जेन डाकघर जेन-जी की जीवनशैली, रुचियों और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक डिजाइन, आकर्षक वातावरण और तकनीक-सक्षम सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
गणपत यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. महेंद्र शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में एन-जेन पोस्ट ऑफिस युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने की अभिनव पहल है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह डाकघर 18 हजार से अधिक विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं का नया अनुभव प्रदान करेगा। साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले सेमिनार एवं कॉन्फ्रेंस के प्रतिनिधियों को शैक्षणिक सामग्री देश-विदेश भेजने में भी सुविधा मिलेगी।
महेसाणा मंडल के अधीक्षक डाकघर एस.के. वर्मा ने कहा कि यह डाकघर गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और परिसर के निवासियों को उनकी बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक, त्वरित, तकनीक-सक्षम और आधुनिक डाक सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इस अवसर पर एन-जेन पोस्ट ऑफिस के डिजाइन में योगदान देने वाले गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को पोस्टमास्टर जनरल एवं प्रो-चांसलर द्वारा सम्मानित भी किया गया। VNI NEWS, India Post, N-Gen Post Office, Ganpat University, Mehsana Post Office, Krishna Kumar Yadav, Gujarat Postal Department, Next Gen Post Office, Youth Centric Services, N-Gen Post Office Mehsana, Ganpat University Post Office, India Post Gujarat, Next Gen Post Office Gujarat, VNINews, VNINews.com
