~गुजरात सरकार ने नई दिल्ली में विदेशी मिशनों के प्रमुखों के साथ VGGS 2027 को लेकर संवाद किया और वैश्विक निवेशकों को गुजरात में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

New Delhi, Sep 01 (VNI): 11वें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (VGGS) 2027 की तैयारियों के तहत गुजरात सरकार ने नई दिल्ली में विदेशी मिशनों के प्रमुखों के साथ संवाद किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि भारत, विशेषकर गुजरात के विभिन्न देशों के साथ मजबूत आर्थिक और सांस्कृतिक संबंध हैं और VGGS 2027 के माध्यम से इन वैश्विक साझेदारियों को और मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2003 से आयोजित वाइब्रेंट गुजरात समिट गुजरात की विकास यात्रा में गेम-चेंजर साबित हुई है। उन्होंने कहा कि गुजरात आज निवेश, नवाचार, प्रौद्योगिकी और वैश्विक साझेदारी के लिए एक विश्वसनीय गंतव्य के रूप में उभरा है। उन्होंने विदेशी मिशनों से अपने देशों के उद्योगों और निवेशकों को गुजरात में निवेश तथा विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, डिजिटल टेक्नोलॉजी, बायोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक व्हीकल, फार्मास्युटिकल्स, पेट्रोकेमिकल्स, टेक्सटाइल्स, फूड प्रोसेसिंग, एयरोस्पेस और डिफेंस जैसे क्षेत्रों में गुजरात नए अवसर तैयार कर रहा है। उन्होंने हालिया अमेरिका-कनाडा दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां मिले CEOs ने गुजरात की विकास यात्रा और निवेश-अनुकूल नीतियों में गहरी रुचि दिखाई।
गुजरात सरकार के मुख्य सचिव एम.के. दास ने राज्य के उद्योग, नवाचार, व्यापार और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में हुए बदलाव पर प्रकाश डाला। विदेश मंत्रालय के सचिव (आर्थिक संबंध) सुधाकर दलेला ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को आर्थिक साझेदारी और विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए VGGS 2027 के लिए विदेश मंत्रालय के सहयोग का आश्वासन दिया। उद्योग एवं खान विभाग की अपर मुख्य सचिव ममता वर्मा ने गुजरात की आर्थिक क्षमता, मजबूत विनिर्माण आधार, निर्यात प्रतिस्पर्धा, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और उभरते क्षेत्रों की जानकारी दी।
गुजरात ने नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में पहला स्थान हासिल किया है और जनवरी 2000 से मार्च 2026 के बीच राज्य में 74.6 अरब अमेरिकी डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया है। VGGS 2027 का 11वां संस्करण 10 से 12 जनवरी 2027 तक गांधीनगर में आयोजित होगा। इसकी थीम ‘विकसित गुजरात – शेपिंग ग्लोबल फ्यूचर’ रखी गई है। VNI NEWS, Gujarat Government, VGGS 2027, Vibrant Gujarat Global Summit, Bhupendra Patel, Foreign Missions, Gujarat Investment, Gujarat, Vibrant Gujarat, Foreign Investment, New Delhi, Global Investment, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *