~अमित शाह ने अहमदाबाद में पहली बार आयोजित वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज-2026 का वर्चुअल शुभारंभ किया। साबरमती रिवरफ्रंट पर 5 से 9 सितंबर तक दुनिया के शीर्ष पैरा तीरंदाज मुकाबला करेंगे।
Ahmedabad, Gujarat, Sep 04 (VNI): केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अहमदाबाद में पहली बार आयोजित हो रही ‘दी हुंडई वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज (डब्ल्यूएपीएस)-2026’ का वर्चुअल शुभारंभ किया। साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 5 से 9 सितंबर तक चलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी तथा आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा मौजूद रहे। श्री शाह ने दुनिया भर से आए पैरा तीरंदाजों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रतियोगिता उनके संसदीय क्षेत्र में आयोजित होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को दुनिया का सबसे बड़ा स्पोर्ट्स सेंटर बनाने का विजन है और गुजरात प्रशिक्षण, अत्याधुनिक खेल सुविधाओं तथा खेल उपकरणों के उत्पादन का वैश्विक केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि गुजरात स्पोर्ट्स इंजीनियरिंग और स्पोर्ट्स इंजरी से जुड़े मेडिकल साइंस के क्षेत्र में भी दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरेगा। भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाते हुए श्री शाह ने कहा कि 29 सदस्यीय भारतीय दल इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहा है। उन्होंने हरविंदर सिंह, शीतल देवी, राकेश कुमार, श्याम सुंदर स्वामी और पायल जैसे खिलाड़ियों को देश के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से भी कई नए वैश्विक खिलाड़ी उभरेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि सनातन संस्कृति में भगवान श्री कृष्ण और प्रभु श्री रामचंद्र के काल से ही धनुष-बाण शौर्य और साधना के प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ मंत्र और खेल महाकुंभ तथा खेलो इंडिया जैसे अभियानों से देश में पैरा स्पोर्ट्स को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि गांधीनगर में 316 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक पैरा हाई परफॉर्मेंस सेंटर तैयार हो रहा है, जबकि राज्य सरकार पैरालंपिक में हिस्सा लेने वाले प्रत्येक दिव्यांग खिलाड़ी को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देती है। गुजरात के 29 स्कूलों में 1,000 खिलाड़ियों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि मानवीय क्षमता और मजबूत संकल्पशक्ति का उत्सव है। उन्होंने कहा कि पिछले छह महीनों में अहमदाबाद में यह पांचवां अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट है, जो गुजरात के मजबूत होते स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में खेलों के लिए 66 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा गांधीनगर में एशिया का सबसे बड़ा पैरा स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर तैयार किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्पोर्ट्स साइंस जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।
आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने इस आयोजन के लिए गुजरात सरकार और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्राचीन काल के धनुर्धर अर्जुन और आधुनिक पैरा आर्चर्स के बीच अटूट संबंध को दर्शाता है। इस अवसर पर वर्ल्ड आर्चरी के कार्यकारी निदेशक जुआन कार्लोस होल्गाडो ने वर्ल्ड पैरा आर्चरी चैंपियन शीतल देवी को ‘पैरा आर्चर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया।
आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव वीरेन्द्र सचदेवा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रतियोगिता में रिकर्व ओपन, कंपाउंड ओपन, डब्ल्यू-1 और विजुअली इम्पेयर्ड श्रेणियों में दुनिया के प्रमुख पैरा तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में वर्ल्ड आर्चरी एशिया के प्रमुख काजी रजीब उद्दीन अहमद चापोल, अंतरराष्ट्रीय निर्णायक गजालेह रसौली, एएआई के कोषाध्यक्ष जोरिस पाउलोस सहित विभिन्न देशों के तीरंदाज, अधिकारी, कोच और सपोर्ट स्टाफ उपस्थित रहे। VNI NEWS, Amit Shah, World Archery Para Series 2026, Ahmedabad, Gujarat, Para Archery, Bhupendra Patel, Harsh Sanghavi, Arjun Munda, Sheetal Devi, Sabarmati Riverfront, Amit Shah Ahmedabad, Para Archery Gujarat, Ahmedabad Sports Events, VNINews, VNINews.com
