~छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना के तहत डेकाकुण्ड–टाण्डा रोड के बीच 16 किमी और जोबट–टाण्डा रोड के बीच 28 किमी रेल लाइन का निर्माण पूरा हो गया है।
Vadodara, Gujarat, Sep 05 (VNI): पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के अंतर्गत छोटा उदेपुर–धार नई रेल परियोजना का कार्य प्रगति पर है। परियोजना के तहत डेकाकुण्ड से टाण्डा रोड स्टेशन के बीच 16 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण हाल ही में पूरा किया गया है। इससे टाण्डा रोड–प्रतापनगर रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है और जल्द ही इस खंड पर नई रेल सेवा शुरू की जाएगी।
मंडल रेल प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि गुजरात के छोटा उदेपुर से मध्य प्रदेश के धार तक 157 किलोमीटर लंबी यह रेल परियोजना दोनों राज्यों के आदिवासी एवं दूरदराज के क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना से गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच आवागमन बेहतर होने के साथ क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की कुल लंबाई में लगभग 72.3 किलोमीटर हिस्सा मध्य प्रदेश में है। यह रेल लाइन छोटा उदेपुर, अलीराजपुर और धार जिलों से होकर गुजरेगी, जिसमें धार जिले में करीब 68 किलोमीटर लंबाई होगी। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹1,447.26 करोड़ है और इसे दिसंबर 2027 तक पूर्ण/कमीशन करने का लक्ष्य रखा गया है।
परियोजना के तहत जोबट–टाण्डा रोड के बीच 28 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण भी पूरा हो चुका है। करीब ₹334 करोड़ की लागत से निर्मित यह लाइन गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच रेल संपर्क को और मजबूत करेगी। नई रेल सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन के साथ कृषि उत्पादों, स्थानीय उपज और अन्य वस्तुओं के परिवहन में भी सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय व्यापार एवं अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। VNI NEWS, Chhota Udaipur Dhar Rail Project, Indian Railways, Vadodara Division, Tanda Road, Jobat, Gujarat Railway Project, Western Railway, Chhota Udaipur, Dhar, Alirajpur, Gujarat, Madhya Pradesh, VNINews, VNINews.com
