~India will observe National Postal Week from October 9 to 15 with a focus on technology, innovation, financial inclusion, citizen-centric services and postal network expansion.

Ahmedabad, Gujarat, Oct 08 (VNI): वैश्विक स्तर पर 9 अक्टूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ मनाया जाएगा। इसी क्रम में भारत में डाक विभाग की बदलती भूमिका तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की व्यापकता को ध्यान में रखते हुए 9 से 15 अक्टूबर तक ‘राष्ट्रीय डाक सप्ताह’ मनाया जाएगा। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि इस दौरान डाक सेवाओं में तकनीक एवं नवाचार के बढ़ते एकीकरण के साथ-साथ डाक सेवाओं को अधिक सुगम, सुलभ एवं सुविधाजनक बनाने के विभागीय प्रयासों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। वित्तीय समावेशन और नागरिक केंद्रित सेवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए ग्राहक आधार के विस्तार पर भी जोर दिया जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि डाक सप्ताह के दौरान प्रत्येक दिन एक विशेष उत्पाद या सेवा पर फोकस किया जाएगा और इसके तहत विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 9 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस, 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलेटली दिवस’, 13 अक्टूबर को ‘वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस’, 14 अक्टूबर को ‘मेल्स एवं पार्सल दिवस’ तथा 15 अक्टूबर को ‘प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस’ मनाया जाएगा। इस वर्ष विश्व डाक दिवस की थीम ‘विश्व डाक दिवस: एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ’ (‘वर्ल्ड पोस्ट डे: वन पोस्टल नेटवर्क, इनफिनिट पॉसिबिलिटीज’) है। विश्व डाक दिवस का उद्देश्य लोगों एवं व्यवसायों के दैनिक जीवन में डाक विभाग की भूमिका तथा वैश्विक सामाजिक एवं आर्थिक विकास में डाक सेवाओं के योगदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि ‘एक विश्व-एक डाक प्रणाली’ की अवधारणा को साकार करने के लिए 9 अक्टूबर, 1874 को बर्न, स्विट्जरलैंड में ‘यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन’ की स्थापना की गई थी, जिससे विश्वभर में एक समान डाक व्यवस्था लागू हो सके। भारत पहला एशियाई राष्ट्र था, जो 1 जुलाई 1876 को इसका सदस्य बना। बाद में वर्ष 1969 में टोकियो, जापान में आयोजित यूनिवर्सल पोस्टल यूनियन कांग्रेस में 9 अक्टूबर को ‘विश्व डाक दिवस’ के रूप में मनाने की घोषणा की गई।
श्री कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक सप्ताह के दौरान डाक सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं ग्राहक सेवा विस्तार के माध्यम से राजस्व अर्जन में वृद्धि पर भी जोर दिया जाएगा। 12 अक्टूबर को ‘फन विद फिलेटली दिवस’ के अवसर पर विद्यार्थियों को डाक सेवाओं एवं फिलेटली से जोड़ने के लिए फिलेटलिक प्रदर्शनी, माय स्टाम्प, विद्यालयों में संवादात्मक एवं जागरूकता कार्यक्रम, डाकघरों एवं फिलेटलिक ब्यूरो का भ्रमण, क्विज, ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता तथा दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। एन-जेन पोस्ट ऑफिस में फिलेटलिस्टों के साथ फिलेटली कार्यशाला एवं ग्रुप डिस्कशन भी होगा।
13 अक्टूबर को ‘वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दिवस’ पर बचत सेवाओं, डाक जीवन बीमा और आधार कैम्प आदि को लेकर डाक चौपाल एवं नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। 14 अक्टूबर को ‘मेल्स एवं पार्सल दिवस’ के तहत बल्क कस्टमर्स के लिए कस्टमर मीट आयोजित की जाएगी, जिसमें ग्राहकों को मेल एवं पार्सल सेवाओं के तहत की गई नई पहलों की जानकारी दी जाएगी। रेल डाक सेवा कार्यालयों में कर्मचारियों के लिए सॉर्टिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। 15 अक्टूबर को ‘प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस’ पर कर्मचारियों एवं ग्राहकों के लिए टेक्नोलॉजी क्विज का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन ‘एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएँ’ थीम को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी पोस्टाथॉन वॉक/रन का आयोजन भी किया जाएगा। VNI NEWS, World Post Day 2026, National Postal Week, India Post, Postal Services, Krishna Kumar Yadav, Ahmedabad Post Office, Financial Inclusion, Philately, Technology and InnovationNational Postal Week 2026, World Post Day, India Post services, postal technology and innovation, financial inclusion, VNINews VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *