~Union Home Minister Amit Shah reviewed Gujarat’s law and order, internal security, cybercrime, border protection, coastal security, disaster management and drug control measures at a high-level meeting in Ahmedabad.
अमित शाह ने उच्च स्तरीय बैठक में गुजरात की कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा की व्यापक समीक्षा की
Ahmedabad, Gujarat, Nov 07 (VNI): केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दीपावली पर्व से पूर्व शनिवार को अहमदाबाद में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में गुजरात की कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील विषयों की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल तथा उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में हुई इस बैठक में केन्द्रीय गृह मंत्रालय, राज्य के गृह विभाग और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में साइबर अपराध, पुलिस आधुनिकीकरण, सीमा एवं तटीय सुरक्षा, मादक पदार्थों पर नियंत्रण, आतंकवाद निरोधक कार्रवाई, आपदा प्रबंधन, फॉरेंसिक व्यवस्था, जेल सुधार, आपराधिक न्याय प्रणाली, सीएए और जनगणना सहित अनेक विषयों की समीक्षा की गई। गृह मंत्री ने सीमावर्ती जिलों की स्थिति, किसानों की समस्याओं, आर्थिक अपराध, अतिक्रमण और अन्य संवेदनशील मामलों पर राज्य सरकार को आवश्यक सुझाव एवं दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने अवैध बांग्लादेशी नागरिकों की स्थिति, पॉक्सो एवं एनडीपीएस मामलों, एफआईआर, आरोपपत्र, ई-साक्ष्य, ई-समन, मोबाइल फॉरेंसिक वैन तथा जांच प्रणाली के आधुनिकीकरण की प्रगति की जानकारी भी दी।
न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अदालतों में आवश्यक नियुक्तियां, पब्लिक प्रॉसीक्यूटर्स की संख्या बढ़ाने, अभियोजन प्रणाली मजबूत करने और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। साइबर अपराधों से निपटने के लिए 1930 हेल्पलाइन, साइबर कमांडो, सेंट्रल इन्वेस्टिगेशन एनालिटिकल रिपॉजिटरी तथा अन्य डिजिटल सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके अलावा आतंकवाद नियंत्रण, यूएपीए डेडिकेटेड सेल, विदेशी नागरिकों की निगरानी, फॉरेनर्स आइडेंटिफिकेशन पोर्टल और नागरिकता संबंधी आंकड़ों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में तटीय एवं सीमा सुरक्षा, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, एसडीआरएफ की क्षमता, आपदा प्रबंधन निधि, अहमदाबाद में शहरी बाढ़ नियंत्रण, मैंग्रोव संरक्षण, अग्नि सुरक्षा सेवाओं और शत्रु संपत्ति से जुड़े विषयों की भी समीक्षा हुई। राज्य के मुख्य सचिव मनोज कुमार दास, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एवं गृह विभाग के प्रधान सचिव संजीव कुमार तथा पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक ने राज्य में सुरक्षा, सीमा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, साइबर धोखाधड़ी, घुसपैठ रोकने, नशीले पदार्थों के नियंत्रण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2029 तक नशामुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए गुजरात में मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और व्यापक एक्शन प्लान तैयार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने 1933 कंट्रोल रूम के विस्तार, सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा संयुक्त एवं सघन अभियान चलाने तथा नशे के दुष्परिणामों के प्रति व्यापक सामाजिक जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता बताई। बैठक में केन्द्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ नागरिक सुरक्षा एवं आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर बल दिया गया। VNI NEWS, Amit Shah Gujarat Meeting, Gujarat Law and Order, Gujarat Security Review, Bhupendra Patel, Harsh Sanghavi, Gujarat Police, Border Security, Cyber Crime, Drug Control, Drug-Free India 2029, Amit Shah, Gujarat Government, Bhupendra Patel, Harsh Sanghavi, Gujarat Police, Home Ministry, Law and Order, Internal Security, Cyber Crime, Border Security, Coastal Security, Narcotics Control, Drug-Free India, Ahmedabad, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *