~Pensioners can now get Digital Life Certificates at home through postmen for just Rs 70, says Gujarat Postmaster General.
Ahmedabad, Gujarat, Nov 09 (VNI) : गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सोमवार को यहां कहा कि अब पेंशनधारकों को जीवन प्रमाणपत्र (हयाती) जमा करने के लिए ट्रेजरी, बैंक या किसी अन्य विभाग में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर के पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवा सकेंगे। इसके लिए मात्र 70 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। प्रमाणपत्र स्वतः संबंधित विभाग को ऑनलाइन भेज दिया जाएगा, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आएगी।
श्री यादव ने बताया कि डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र, जिसे ‘जीवन प्रमाण’ भी कहा जाता है, भारत सरकार की आधार आधारित बायोमेट्रिक सेवा है। इसके माध्यम से केंद्र, राज्य सरकार और अन्य सरकारी संगठनों के पेंशनभोगी घर बैठे अपने जीवित होने का प्रमाण ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से सभी विभागों के पेंशनरों को यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए पेंशनर अपने क्षेत्र के पोस्टमैन से संपर्क कर सकते हैं। डाकिया घर पहुंचकर बायोमेट्रिक डिवाइस के जरिए अंगूठे या उंगली के निशान से प्रमाणपत्र तैयार करेगा।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए पेंशनर को अपना आधार नंबर, मोबाइल नंबर और पीपीओ नंबर उपलब्ध कराना होगा। प्रक्रिया पूरी होने पर मोबाइल पर पुष्टि एसएमएस प्राप्त होगा तथा प्रमाणपत्र अगले दिन डाउनलोड किया जा सकेगा। इस पहल के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन और फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनरों को सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर अहमदाबाद में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पेंशनभोगी घनश्यामभाई हरगोवनदास एवं जीविबेन दलाभाई परमार का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र श्री यादव की उपस्थिति में डाकिया के माध्यम से सफलतापूर्वक बनाया गया। इसके साथ ही इस सेवा का शुभारंभ किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का शुभारंभ करते हुए ‘बैंकिंग सेवाएं आपके द्वार’ का विजन प्रस्तुत किया था। इसी दिशा में डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सहयोग से 1 से 30 नवंबर, 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 आयोजित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पेंशनरों को सामान्यतः प्रत्येक वर्ष नवंबर और दिसंबर में ट्रेजरी, बैंक या संबंधित विभाग में जीवन प्रमाणपत्र जमा करना होता है। दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्ग पेंशनरों को इसके लिए यात्रा करने में कठिनाइयों और अतिरिक्त खर्च का सामना करना पड़ता है। डाक विभाग की इस पहल से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा पेंशनर पोस्टमैन के माध्यम से आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) के जरिए घर बैठे अपने बैंक खाते से पेंशन की राशि भी निकाल सकेंगे। VNINews.com, Digital Life Certificate, Pensioners, Postman Service, India Post Payments Bank, Jeevan Pramaan, Digital Life Certificate, Pensioners, Postman, India Post Payments Bank, Jeevan Pramaan, Krishna Kumar Yadav, Ahmedabad, Gujarat Postal Circle, VNINews, VNINews.com
