~गांधीनगर में ‘डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन महामेला’ का शुभारंभ, डाक विभाग की वित्तीय, डिजिटल और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी दी गई।
Gandhinagar, Gujarat, Aug 31 (VNI): उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने सोमवार को गांधीनगर नगर पालिका सभागार में ‘डाक व्यवसाय विकास एवं वित्तीय समावेशन महामेला’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने डाक विभाग की विभिन्न वित्तीय एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पासबुक और पॉलिसी बॉन्ड प्रदान किए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले डाककर्मियों को सम्मानित किया।
श्री यादव ने कहा कि भारतीय डाक विभाग ‘डाक सेवा-जन सेवा’ के मूल मंत्र के साथ देश के कोने-कोने तक विश्वसनीय और सुलभ सेवाएं पहुंचाने में निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण, दुर्गम और सुदूर क्षेत्रों में डाक विभाग ने अपनी मजबूत उपस्थिति के माध्यम से आमजन का विश्वास अर्जित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं को डाकघरों के माध्यम से प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग नई ऊर्जा और उद्देश्य के साथ संचार एवं लॉजिस्टिक्स तंत्र को आधुनिक बनाने, नवाचार को बढ़ावा देने और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। वित्तीय समावेशन, डिजिटल कनेक्टिविटी, ग्रामीण लॉजिस्टिक्स और अंतिम छोर तक डिलीवरी नेटवर्क को मजबूत करने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं। अमेज़न और फ्लिपकार्ट जैसी ई-कॉमर्स कंपनियों के साथ साझेदारी के माध्यम से पार्सल डिलीवरी सेवाओं को भी सुदृढ़ किया गया है।
श्री यादव ने बताया कि नवीनतम तकनीकों और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से नागरिकों के अनुभव को बेहतर बनाया जा रहा है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर आईआईटी गांधीनगर में युवाओं के लिए एन-जेन डाकघर शुरू किया गया है। गांधीनगर में वित्तीय समावेशन के तहत 403 से अधिक गांवों को ‘संपूर्ण सुकन्या समृद्धि ग्राम’, 133 से अधिक गांवों को ‘संपूर्ण बचत ग्राम’ और 130 से अधिक गांवों को ‘संपूर्ण बीमा ग्राम’ घोषित किया जा चुका है।
गांधीनगर डाक मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगारदिवे ने कहा कि महामेला का उद्देश्य आमजन को डाकघर की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक लोगों को इनसे जोड़ना है। वर्तमान में गांधीनगर डाक मंडल में 7.67 लाख बचत खाते, 93 हजार से अधिक सुकन्या समृद्धि खाते और 94 हजार से अधिक इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते संचालित हैं। इस वित्तीय वर्ष में गांधीनगर प्रधान डाकघर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र से 8 हजार से अधिक लोगों ने पासपोर्ट बनवाया, जबकि 32 हजार से अधिक लोगों ने आधार सेवाओं का लाभ लिया।
उन्होंने बताया कि गांधीनगर प्रधान डाकघर और कलोल प्रधान डाकघर में नागरिकों की सुविधा के लिए आधार सेवाएं सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संचालित की जा रही हैं। इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस अब 135 देशों में उपलब्ध है, जबकि पहले यह सुविधा 41 देशों तक सीमित थी। प्रमुख देशों के लिए अधिकतम वजन सीमा बढ़ाकर 5 किलोग्राम कर दी गई है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में गांधीनगर डाक मंडल में लगभग 5,000 अंतरराष्ट्रीय मेल की बुकिंग हुई है, जिनमें 3,500 से अधिक बुकिंग पिछले दो महीनों में हुई हैं।
इस अवसर पर गांधीनगर मंडल के प्रवर डाक अधीक्षक शुभम डोंगारदिवे ने अतिथियों और ग्राहकों का स्वागत किया। ‘आत्मनिर्भर शाखा डाकघर’ के तहत शुरू किए गए ‘पोस्टल वॉरियर्स’ अभियान में गांधीनगर के 262 शाखा डाकघरों को ‘सिल्वर पोस्टल वॉरियर’, 8 को ‘गोल्ड पोस्टल वॉरियर’ और एक को ‘प्लेटिनम पोस्टल वॉरियर’ घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए संबंधित शाखा पोस्टमास्टर्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डाक विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। VNI NEWS, India Post, Postal Department, Gandhinagar Post Office, Financial Inclusion, Postal Services, Sukanya Samriddhi Yojana, IPPB, Digital Postal Services, Gujarat Post, Postal Business Development, India Post, VNINews, VNINews.com
