~गुजरात औषधीय वनस्पति बोर्ड ने वर्ष 2025-26 में राज्य के सात सरकारी औषधीय उद्यानों से 2.75 लाख से अधिक औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया। आयुर्वेद और औषधीय खेती को बढ़ावा देने के लिए बोर्ड विभिन्न योजनाएं संचालित कर रहा है।
Gandhinagar, Gujarat, July 19 (VNI): गुजरात में आयुर्वेदिक परंपरा को बढ़ावा देने और नागरिकों में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुजरात औषधीय वनस्पति बोर्ड ने वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य के सात सरकारी औषधीय उद्यानों से 2.75 लाख से अधिक औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया है। यह पहल औषधीय पौधों के संरक्षण, संवर्धन और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, बोर्ड व्यक्तिगत उपयोग के लिए 10, स्कूलों एवं संस्थाओं को 50 तथा किसानों और सार्वजनिक भूमि के लिए 500 तक औषधीय पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराता है। गांधीनगर स्थित औषधीय उद्यान से चंदन के पौधे मात्र 20 रुपये की रियायती दर पर उपलब्ध कराए जाते हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया के नेतृत्व में संचालित ये उद्यान अब आयुर्वेदिक ज्ञान और अनुसंधान के प्रमुख केंद्र के रूप में भी विकसित हो चुके हैं। हर वर्ष लगभग 20 हजार विद्यार्थी, शोधकर्ता और आयुर्वेद के अध्ययनकर्ता यहां भ्रमण कर औषधीय वनस्पतियों का अध्ययन करते हैं।
वर्ष 2002 में ‘न लाभ, न हानि’ के सिद्धांत पर स्थापित गुजरात औषधीय वनस्पति बोर्ड का उद्देश्य आयुर्वेदिक औषधि निर्माण इकाइयों और पारंपरिक उपचार पद्धतियों के लिए गुणवत्तापूर्ण औषधीय वनस्पतियां उपलब्ध कराना है। बोर्ड घरेलू उपचार संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ किसानों को औषधीय फसलों की व्यावसायिक खेती के लिए सब्सिडी भी प्रदान करता है। इसके अलावा बाजार की मांग के अनुरूप लाभदायक औषधीय फसलों की पहचान, जंगलों में औषधीय वनस्पतियों का विस्तार, हरियाली अभियान तथा विश्वविद्यालयों के सहयोग से अनुसंधान जैसे कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं।
वर्तमान में बोर्ड के सात सरकारी औषधीय उद्यान गांधीनगर, वांसदा (रूपवेल), भुज (नानी रेलडी), राजपीपला (जीतनगर), झालोद (वरोड), पालनपुर (वशी-दांता) तथा आहवा-सापुतारा में संचालित हैं। इन उद्यानों में तुलसी, गिलोय, अडूसा, शतावरी, अश्वगंधा, ब्राह्मी, लिंडी पीपर और हरड़ सहित अनेक औषधीय पौधों का संरक्षण, अनुसंधान और निःशुल्क वितरण किया जाता है। VNI NEWS, Gujarat Medicinal Plants, Gujarat Medicinal Plant Board, Ayurvedic Plants, Free Medicinal Plants Distribution, Bhupendra Patel, Gujarat, Medicinal Plants, Ayurveda, Health, Medicinal Plant Board, Agriculture, Gandhinagar, VNINews, VNINews.com
