~Gujarat hosts VGGS 2027 roadshow in Guwahati, highlighting investment opportunities in semiconductors, oil and gas, manufacturing and industrial cooperation.
Guwahati, Assam, Nov 20 (VNI) : वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट (वीजीजीएस) 2027 के रोड-शो का शुक्रवार को गुवाहाटी में आयोजन किया गया। इसमें गुजरात की औद्योगिक क्षमताओं, निवेश के अवसरों और गुजरात-असम के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। रोड-शो में सेमीकंडक्टर, ऑयल एंड गैस तथा मैन्युफैक्चरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों के अग्रणी उद्योगपतियों और सरकारी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रोड-शो से पहले गुजरात सरकार के आदिजाति विकास, खादी, कुटीर एवं ग्रामोद्योग मंत्री नरेशभाई पटेल तथा गुजरात एनर्जी लिमिटेड की प्रबंध निदेशक अवंतिका सिंह (आईएएस) सहित प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने गुवाहाटी और असम के प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। कार्यक्रम में अवंतिका सिंह ने वीजीजीएस 2027 पर विस्तृत प्रस्तुति दी। साथ ही गुजरात के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में उपलब्ध विकास एवं निवेश के अवसरों पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री नरेशभाई पटेल ने गुजरात और असम के बीच मजबूत औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि असम ने ऑयल एंड गैस तथा सर्विस सेक्टर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, जबकि गुजरात के पास औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बंदरगाह, सेमीकंडक्टर, रिन्यूएबल एनर्जी और वैश्विक कनेक्टिविटी की मजबूत क्षमताएं हैं। दोनों राज्यों के उद्योगों, उद्यमियों और युवा प्रतिभाओं को साथ लाकर नवाचार, रोजगार और साझा समृद्धि के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ये सामूहिक प्रयास विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को मजबूती प्रदान करेंगे।
रोड-शो में बताया गया कि गुजरात भारत के कुल मैन्युफैक्चरिंग आउटपुट में 17 प्रतिशत और वस्तु निर्यात में 25 प्रतिशत योगदान देता है। चर्चा के दौरान असम के स्थापित ऑयल एंड गैस तथा सर्विस सेक्टर इकोसिस्टम को गुजरात के उभरते सेमीकंडक्टर, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर और ऑयल एंड गैस क्षेत्र की क्षमताओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। उद्योग प्रतिनिधियों ने भी कारोबारी अवसरों और औद्योगिक विकास को लेकर अपने अनुभव एवं विचार साझा किए।
11वीं वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट का आयोजन 10 से 12 जनवरी, 2027 तक गांधीनगर में ‘विकसित गुजरात – शेपिंग ग्लोबल फ्यूचर’ थीम के तहत किया जाएगा। यह समिट उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं और वैश्विक निवेशकों को एक मंच पर लाएगी। गुवाहाटी रोड-शो के माध्यम से असम के उद्यमों, स्टार्टअप्स और औद्योगिक संगठनों को समिट में भाग लेने तथा अंतरराज्यीय औद्योगिक साझेदारी और निवेश के नए अवसरों से जुड़ने का आमंत्रण दिया गया।
इससे पूर्व मंत्री नरेशभाई पटेल ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से मुलाकात कर उन्हें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस दौरान गुजरात में ऑयल एंड गैस क्षेत्र में हुई उल्लेखनीय प्रगति की जानकारी दी गई। साथ ही दोनों राज्यों के बीच औद्योगिक सहयोग, परस्पर निवेश और अंतरराज्यीय साझेदारी को और मजबूत बनाने के विभिन्न अवसरों पर चर्चा हुई। VNI NEWS, Vibrant Gujarat Global Summit 2027, VGGS 2027, Guwahati Roadshow, Gujarat Assam Industrial Cooperation, Gujarat Investment Opportunities, Vibrant Gujarat Global Summit, VGGS 2027, Guwahati, Assam, Gujarat, Nareshbhai Patel, Himanta Biswa Sarma, Avantika Singh, Semiconductor, Oil and Gas, Manufacturing, Industrial, Investment, VNINews, VNINews.com
