~स्वदेशी समाज सेवा समिति ने पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव के 49वें जन्मदिन पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत अहमदाबाद में 49 पौधों का रोपण किया।

Ahmedabad, Gujarat, Aug 11 (VNI): स्वदेशी समाज सेवा समिति ने उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव के 49वें जन्मदिन के अवसर पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 49 पौधों का रोपण कर धरती को हराभरा और पर्यावरण को शुद्ध बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि भारतीय परंपरा में पेड़-पौधों को परमात्मा का प्रतीक मानकर उनकी पूजा का विधान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि जीवन के लिए ऑक्सीजन बेहद जरूरी है और पर्यावरण की रक्षा के लिए पौधारोपण को हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनाना आवश्यक है। जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधारोपण कर इन्हें यादगार बनाने के साथ समाज को पर्यावरण संरक्षण की नई दिशा दी जा सकती है।
स्वदेशी समाज सेवा समिति के तत्वावधान में अहमदाबाद में आयोजित कार्यक्रम में रुद्राक्ष, गुलमोहर, अमलतास, अशोक, तुलसी, नीम, आम, आंवला, तेजपत्ता, दालचीनी, पान, सिंगोनियम, रजनीगंधा और गंधराज सहित फलदार, औषधीय एवं छायादार वृक्षों, बेल और पुष्पों के 49 पौधों का रोपण किया गया। समिति के संस्थापक सचिव एवं ‘रुद्राक्ष मैन’ विवेक यादव ने श्री यादव को रुद्राक्ष का पौधा भेंट कर उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
विवेक यादव ने कहा कि संपूर्ण धरती और प्रकृति को सुरक्षित एवं संतुलित रखने के लिए लोगों को पौधारोपण के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने लोगों से स्वदेशी समाज सेवा समिति के संकल्पों से जुड़कर सेवा, संस्कार और पर्यावरण रक्षा के इस यज्ञ में अपनी आहुति देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अहमदाबाद मंडल के वरिष्ठ डाक अधीक्षक शिशिर कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग को कम करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य बनाने का प्रभावी माध्यम है। रघुनाथ हिंदी हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल महेंद्र डी. यादव ने कहा कि जीवन परमात्मा का उपहार है, सेवा सबसे बड़ी उपासना है और प्रकृति की रक्षा आज का सबसे बड़ा धर्म है। सहायक निदेशक अल्पेश शाह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वन क्षेत्र के निरंतर ह्रास के बीच समाज को ऐसे आयोजनों से सीख लेने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में सहायक निदेशक रितुल गांधी, वारिस व्होरा, सहायक अधीक्षक बिरंग शाह, जिनेश पटेल, रमेश पटेल, रोनक शाह, विशाल चौहान, सुभाष, जीबी कटारिया सहित अनेक पर्यावरण प्रेमियों ने पौधारोपण में योगदान दिया। VNI NEWS, Swadeshi Samaj Seva Samiti, Krishna Kumar Yadav, Ek Ped Maa Ke Naam, Tree Plantation, Ahmedabad, Environment Protection, Rudraksh Man, Vivek Yadav

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *