~India Post inaugurates Ahmedabad Heritage City Postal Division and Postmaster General Logistics Office as part of Gujarat’s postal administrative reorganization effective November 1, 2026.
Ahmedabad, Gujarat, Oct 31 (VNI) : भारतीय डाक विभाग के उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने शनिवार को नव सृजित अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल एवं पोस्टमास्टर जनरल लॉजिस्टिक्स कार्यालय का शुभारंभ किया। विभागीय प्रशासनिक पुनर्गठन के तहत गुजरात में पांच नए डाक मंडलों और एक नए पोस्टल रीजन का सृजन किया गया है। यह नई व्यवस्था 1 नवंबर, 2026 से लागू होगी।
भारतीय डाक विभाग ने प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में सेवा वितरण को बेहतर बनाने, व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार, कार्यकुशलता बढ़ाने और राजस्व में सतत वृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर में प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन किया है। इसी क्रम में गुजरात सर्किल में अहमदाबाद, वडोदरा और राजकोट के अलावा सूरत में नए पोस्टल रीजन का गठन किया गया है। गुजरात में अहमदाबाद हेरिटेज सिटी, अहमदाबाद उत्कर्ष, दाहोद, सूरत (पूर्वी) और गांधीनगर के बजाय गांधीधाम डाक मंडल सहित पांच नए डाक मंडल सृजित किए गए हैं। डाक विभाग ने लॉजिस्टिक्स व्यवसाय को प्राथमिकता देते हुए पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) तथा निदेशक (सेल्स) के नए पदों और कार्यालयों की स्थापना को भी मंजूरी दी है।
अहमदाबाद जीपीओ परिसर में अहमदाबाद हेरिटेज सिटी डाक मंडल का शुभारंभ करते हुए कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि अहमदाबाद जिले में अब तीन डाक मंडल कार्यरत होंगे—अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज सिटी और अहमदाबाद उत्कर्ष। इनके मुख्यालय क्रमशः नवरंगपुरा प्रधान डाकघर, अहमदाबाद जीपीओ और धोलका डाकघर भवन परिसर में स्थापित होंगे। अहमदाबाद हेरिटेज सिटी मंडल से शहर के पूर्वी भाग की डाक व्यवस्था संचालित होगी, जबकि अहमदाबाद उत्कर्ष मंडल के अंतर्गत साणंद, विरमगाम, मांडल, धोलका, बावला, धंधुका और धोलेरा तालुका की डाक सेवाओं एवं प्रशासनिक गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं के बेहतर प्रबंधन, निगरानी और संचालन में सुविधा होगी।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में राजकोट रीजन के भावनगर और सुरेंद्रनगर डाक मंडलों को शामिल किए जाने के बाद इसकी कुल संख्या बढ़कर नौ हो जाएगी। इसमें अहमदाबाद सिटी, अहमदाबाद हेरिटेज, अहमदाबाद उत्कर्ष, गांधीनगर, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, सुरेंद्रनगर और भावनगर डाक मंडल शामिल होंगे। इस प्रकार उत्तर गुजरात परिक्षेत्र गुजरात सर्किल का सबसे बड़ा परिक्षेत्र बन जाएगा। वहीं, स्पीड पोस्ट भवन, शाहीबाग, अहमदाबाद में पोस्टमास्टर जनरल (लॉजिस्टिक्स) कार्यालय का भी शुभारंभ किया गया। इस कार्यालय का मुख्य फोकस मेल, पार्सल और इंटरनेशनल मेल सेवाओं पर रहेगा। इसके अधीन गुजरात के सभी रेलवे मेल सर्विस कार्यालय, फॉरेन पोस्ट ऑफिस, ट्रांसपोर्ट सेवाएं और मेल मोटर सर्विस संचालित होंगी।
कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि यह पहल गुजरात में डाक सेवाओं के विस्तार, बेहतर प्रबंधन और बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक, उत्तरदायी एवं सुदृढ़ डाक नेटवर्क के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। भारत सरकार के “मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” दृष्टिकोण के अनुरूप प्रशासनिक समन्वय, निगरानी और डाक सेवाओं के प्रभावी संचालन को और बेहतर बनाया जाएगा। डाक विभाग वर्तमान में ग्राहक-केंद्रित, प्रौद्योगिकी-संचालित, परिचालन की दृष्टि से दक्ष और वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर संगठन बनने की दिशा में परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है।
इस अवसर पर प्रवर डाक अधीक्षक शिशिर कुमार, एजीएम आईपीपीबी संदीप कुमार, चीफ मैनेजर अभिजीत जीभकाटे, सीनियर पोस्टमास्टर वारिस वहोरा, सहायक निदेशक अल्पेश शाह, रितुल गांधी, दर्शन तपस्वी, आर.टी. परमार, जगदीश जीड, के.ए. रोय, आर.ए. शेख, पराग वासनिक, एस.एन. घोरी, बिरंग शाह, भाविन प्रजापति, डाक निरीक्षक दक्षेश चौहान, विपुल चडोतरा और योगेन्द्र राठोड सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। VNI NEWS, Ahmedabad Heritage City Postal Division, India Post Gujarat, Krishna Kumar Yadav, Ahmedabad Post Office, Postmaster General Logistics, Gujarat Postal Reorganization, Ahmedabad Heritage City Postal Division, India Post, Gujarat Postal Circle, Ahmedabad GPO, Krishna Kumar Yadav, Postal Department, Logistics Office, Gujarat Postal Reorganization, VNINews, VNINews.com
