~प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू और साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। नई ट्रेनों से गुजरात की रेल कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
Ahmedabad, Gujarat, Oct 30 (VNI) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू रेल सेवा तथा साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन दोनों नई रेल सेवाओं से गुजरात में क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ धार्मिक पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा और रेल परिवहन के विस्तार की दिशा में शुरू की गई इन सेवाओं के अवसर पर बेचराजी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद हरिभाई पटेल, विधायक सुखाजी ठाकोर, मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद वेद प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वहीं, साबरमती रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अहमदाबाद के महापौर हितेशभाई बारोट, सांसद राजेश शुक्ला, विधायक अमितभाई शाह, विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल, जितेंद्र कुमार पटेल, कौशिक जैन, अमूल भट्ट, डॉ. हसमुखभाई पटेल, दिनेश सिंह कुशवाह, डॉ. पायलबेन कुकरानी, कंचनबेन रादड़िया तथा अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष प्रेरक शाह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने कहा कि महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू रेल सेवा का शुभारंभ क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बहुचर माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ बेचराजी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस रेल मार्ग का ऐतिहासिक महत्व है। वर्ष 1908 में बड़ौदा रियासत के समय यहां रेल सेवा शुरू हुई थी। बाद में आमान परिवर्तन के कारण मीटर गेज पर यात्री सेवाएं बंद हो गई थीं। गेज परिवर्तन पूरा होने के बाद इस खंड पर मालगाड़ियों का परिचालन हो रहा था। अब यात्री रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को नई सुविधा मिलेगी। बेचराजी क्षेत्र में मारुति सुजुकी के हंसलपुर संयंत्र सहित कई छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं, जिन्हें भी इस सेवा से लाभ होगा।
नई मेमू ट्रेन की समय-सारणी दैनिक यात्रियों, औद्योगिक कर्मचारियों और बहुचर माता के श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर निर्धारित की गई है। साबरमती, अहमदाबाद, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड, चाणस्मा, रणुंज, महेसाणा और बेचराजी के बीच बेहतर रेल संपर्क स्थापित होगा। इस सेवा का किराया भी किफायती रखा गया है। साबरमती से बेचराजी का किराया ₹25, रणुंज का ₹30 और महेसाणा का ₹35 निर्धारित किया गया है। साबरमती से बेचराजी के लिए मासिक सीजन टिकट ₹355 तथा विद्यार्थियों के लिए ₹180 में उपलब्ध होगा। इसके अलावा 60 किलोग्राम तक सामान ले जाने वाले छोटे व्यापारियों, किसानों तथा दूध एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए मासिक सीजन टिकट ₹535 निर्धारित किया गया है।
गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच रेल संपर्क मजबूत करने के उद्देश्य से साबरमती–वाराणसी दैनिक एक्सप्रेस सेवा भी शुरू की गई है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। इसके मार्ग में महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशन शामिल हैं। इस सेवा से व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सीधा रेल विकल्प मिलेगा।
वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित अनेक धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस शुरू होने से गुजरात और राजस्थान के यात्रियों को वाराणसी तक सीधा रेल संपर्क मिलेगा, जिससे धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। दोनों नई रेल सेवाओं के शुभारंभ से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, औद्योगिक कर्मचारियों और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक एवं किफायती परिवहन विकल्प उपलब्ध होंगे। VNI NEWS, PM Narendra Modi, Mehsana Becharaji Sabarmati MEMU, Sabarmati Varanasi Express, Gujarat Railway Connectivity, Indian Railways, Bahuchar Mata Temple, Kashi Vishwanath Dham
Meta Description: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू और साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। नई ट्रेनों से गुजरात की रेल कनेक्टिविटी, धार्मिक पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
Slug: pm-modi-flags-off-mehsana-becharaji-sabarmati-memu-sabarmati-varanasi-express, Narendra Modi, Indian Railways, Gujarat Railway News, Mehsana, Becharaji, Sabarmati, Varanasi Express, MEMU Train, Bahuchar Mata Temple, Kashi Vishwanath Dham, Ahmedabad, Gujarat, VNINews, VNINews.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *